मुरादाबाद-दिल्ली रेल मार्ग पर मंगलवार सुबह आठ बजे लोधीपुर के पास लांग हाल मालगाड़ी के इंजन में खराबी आने से रेल संचालन ठप हो गया। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में देने के साथ ही इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया। मालगाड़ी के रुकने से डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। जिससे 11 ट्रेनें और तीन मालगाड़ियां जहां-तहां रोक दी गईं। जिससे यात्रियों ने दुश्वारियां झेलीं। पौने दस बजे दूसरा इंजन लगाने के बाद मालगाड़ी रवाना की गई।
लांग हाल मालगाड़ी मंगलवार सुबह दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आ रही थी। लोधीपुर रेलवे स्टेशन के पास इंजन में खराबी आ गई। जिससे इंजन बंद हो गया। चालक ने इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया। लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो पाया। इसके बाद कंट्रोल रूम में सूचना देकर दूसरे इंजन की मांग की गई। पौने दस बजे दूसरा इंजन लगाकर इंजन मालगाड़ी आगे के लि ए रवाना कर दी गई। पौने दो घंटे डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन ठप रहा। जिसकी वजह से नई दिल्ली से काठगोदाम जाने वाली शताब्दी डेढ़ घंटे, लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस एक घंटा चालीस मिनट, कामाख्या एक्सप्रेस एक घंटा 25 मिनट, दिल्ली बरेली एक्सप्रेस एक घंटा दस मिनट, इंटर सिटी एक्सप्रेस पचास मिनट, सप्तक्रांति एक्सप्रेस पचास मिनट, सुहेल देव एक्सप्रेस एक घंटा, पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटा दस मिनट, आला हजरत एक्सप्रेस एक घंटा, नैनी दून एक्सप्रेस, दिल्ली शाहजहांपुर पैसेंजर दो घंटे बीच में ही खड़ी रही। दूसरा इंजन लगाने के बाद लांग हाल मालगाड़ी रवाना की गई। इसके बाद ही संचालन सुचारु हुआ।