मौसम ने रविवार को कई बार तेवर बदले, लेकिन लोगों की परेशानी दिनभर बरकरार रही। धूप शरीर को झुलसा रही है तो उमस से सुबह ही लोग पसीना-पसीना होते रहे। वातावरण में आर्द्रता बढ़ने के चलते पंखा और कूलर पसीना सुखाने में नाकाम रहे। पारा 40 डिग्री से पार हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन दिन तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बुधवार शाम से मौसम में बदलाव आने और बृहस्पतिवार से बरसात होने का पूर्वानुमान है।
एक सप्ताह से पसीना-पसीना हो रहे लोगों को रविवार को भी राहत नहीं मिली। सुबह से ही लोग पसीने से तरबतर हो गए। रविवार को न्यूनतम तापमान 29 और अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 48 फीसदी रही। इसके चलते सुबह से ही पसीना निकलने लगा। दोपहर में हल्के बादल छाने से धूप से थोड़ी देर के लिए राहत मिली। दोपहर बाद गर्मी हवा चलने से लोग झुलसने लगे। शाम को फिर से उमस ने परेशानी बढ़ा दी। गर्मी और उमस से पसीना-पसीना होने के साथ ही लोग बेचैन होने लगे। घबराहट होने और चक्कर आने की शिकायतें आम रही। कुछ लोगों ने गर्मी के चलते छबील लगाकर राहगीरों को शरबत पिलाया।
मौसम वैज्ञानिक डा. विवेकराज सिंह ने बताया कि लोगों को तीन दिन और गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मंगलवार को उमस ज्यादा रहेगी। बुधवार शाम से मौसम में बदलाव होने का पूर्वानुमान है। बृहस्पतिवार को बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश होने से गर्मी से राहत मिले सकेगी।