मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने चिटफंड कंपनी के मालिक और डायरेक्टर पर 1.10 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उससे और उसके रिश्तेदारों से पांच साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर रुपये जमा कराए थे। मझोला थाने की पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शेरुआ धर्मपुर निवासी संजीव कुमार ने तहरीर में बताया कि नौ साल पहले उसकी मुलाकात मझोला के पैरा की मिलक निवासी राजकुमार चौहान और बुद्धि विहार निवासी संजीव कुमार से हुई थी। राजकुमार मानसरोवर कॉलोनी स्थित आसरा एग्रो फूड लिमिटेड चिटफंड कंपनी का मालिक और संजीव कुमार डायरेक्टर है।
आरोपियों ने संजीव को आश्वासन दिया कि उनकी कंपनी में रकम जमा करेंगे तो पांच साल में दोगुनी हो जाएगी। इसके बाद संजीव और उसके रिश्तेदारों ने 1.10 करोड़ रुपये कंपनी में जमा कर दिए। इसके बाद कंपनी के मालिक और डायरेक्टर ने उन्हें पाॅलिसी बाॅन्ड भी दिए।
पांच साल पूरे होने के बाद जब संजीव और उसके रिश्तेदारों ने अपनी रकम मांगी तो आरोपी टालने लगे। कुछ समय बाद दबाव बनाया तो आरोपियों ने चेक दे दिए। जब चेक बैंक में लगाए तो बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने डायरेक्टर से संपर्क किया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह बताया कि तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।