मुरादाबाद। इमरतपुर उधाै गांव के एसएच इंटर कॉलेज में पेपर सामने आते ही 10वीं का छात्रा बेहोश हो गई। उसके हाथ-पैर ऐंठ गए और वह गिर पड़ी। विद्यालय प्रबंधक की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज चल रहा है। बीमारी के कारण छात्रा परीक्षा नहीं दे पाई।
सोमवार को सुबह 8:30 बजे से 10वीं की हिंदी की परीक्षा थी। कक्ष निरीक्षकों के अनुसार छात्रा के सामने जैसे ही पेपर आया तो वह पढ़ते-पढ़ते ही बेसुध होने लगी। शिक्षकों ने पास जाकर संभालने की कोशिश की तो उसके हाथ-पैर ऐंठ गए। पानी के छींटे मारकर उसे होश में लाने की प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली।
केंद्र प्रभारी की सूचना पर 15 मिनट में एंबुलेंस कॉलेज पहुंच गई और छात्रा को ईएमटी ने प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, उससे फायदा न होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसे जरूरी दवाएं व ओआरएस का घोल दिया गया। 108 एंबुलेंस के जिला कोऑर्डिनेटर दीपक सिंह ने बताया कि सूचना पर छात्रा का बड़ा भाई भी अस्पताल पहुंच गया।
छात्रा के भाई ने बताया कि तीन माह पहले बहन को बुखार आया था। तब पहली बार उसके साथ ऐसी घटना हुई थी। सोमवार को दोबारा ऐसा हुआ। घर से वह ठीक आई थी। जिला अस्पताल में ईएमओ डॉ. जुनैद ने छात्रा का इलाज किया और जरूरी जांचें कराईं। जांच रिपोर्ट मंगलवार सुबह तक आएगी।