मुरादाबाद। जिले में शनिवार को आयोजित सहायक अध्यापक स्नातक श्रेणी परीक्षा (एलटी ग्रेड) की परीक्षा 10454 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। पहली पाली में 6842 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में 3612 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। वहीं 10355 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
सहायक अध्यापक स्नातक श्रेणी परीक्षा (एलटी ग्रेड) परीक्षा शनिवार को जिले के 28 केंद्रों पर आयोजित की गई। पहले दिन 20809 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था लेकिन 10355 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी। कुल 50.23 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक आयोजित की गई। इस दौरान सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। वहीं दूसरी पाली की जीव विज्ञान विषय की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चली। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से एलटी ग्रेड की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान के प्रश्न कठिन रहे। बुलंदशहर से परीक्षा देने आए लोकेश शर्मा ने बताया कि जीव विज्ञान के प्रश्नों के जवाब देने में कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन इतिहास और भूगोल के प्रश्न काफी कठिन रहे। इसकी वजह परीक्षा देने में काफी परेशानी हुई। कई प्रश्न छोड़ने पड़े। अधिकारियों ने बताया कि 18 जनवरी को भी एलटी ग्रेड की परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। दूसरे दिन 13058 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है।
000
अभ्यर्थियों ने कहा
-एलटी ग्रेड की परीक्षा में कई ऐसे सवाल पूछे गए थे जो पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों में आए थे। जनरल नॉलेज के कई सवाल काफी कठिन थे इसकी वजह से हल नहीं कर पाई। करीब 128 प्रश्नों को हल किया है।- निकिता, बिजनौर
-सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को हल करने में काफी परेशानी हुई। बाकी के सवाल ठीक आए थे। समय कम होने की वजह से कई सवालों के जवाब नहीं दे पाई। 100 से अधिक प्रश्नों को हल किया है।- पूर्णिमा, दिल्ली
-सामान्य ज्ञान और गणित के सवाल कठिन थे। इसकी वजह से कई सवाल छूट गए। 150 सवालों को हल करना था। इसलिए समय भी कम पड़ गया। जीव विज्ञान के प्रश्नों को आसानी से हल किया है।- सौम्य, अलीगढ़