मुरादाबाद। बुधवार को दिन में बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे तो रात में बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामने करना पड़ा। घंटों बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो इनवर्टर भी जवाब दे गए। देर रात तक शहर की कई मोहल्लों की बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो पाई थी।
विद्युत निगम की ओर से चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। शहर में 18 घंटे से ज्यादा बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही तो ग्रामीण इलाकों में तो दस से बारह घंटे ही आपूर्ति दी जा रही है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। दिन में शहर में कई बार बिजली कटौती हुई। गर्म में लोग परेशान रहे। शाम होते होते अचानक मौसम में करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। जिसकी वजह से बिजली लाइन टूट गई और कहीं कहीं पेड़ भी गिर गए। जिसकी वजह से कटघर, दौलत बाग, दिल्ली रोड और कांठ रोड की कालोनियों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कांठ रोड पर बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया। इसके अलावा मूंढापांडे में भी लाइन टूट गई। लोगों इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों को दी। कुछ जगह लाइन ठीक करने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी गई। लेकिन बाकी जगह देर रात तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। अधिशासी अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि कुछ जगह दिक्कत आई थी। लाइन ठीक करने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी गई है।