मुरादाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित का कार्यक्रम मिलने से मुरादाबाद ही नहीं बल्कि अमरोहा, संभल और रामपुर के भाजपाइयों में भी उत्साह है। शाह का कार्यक्रम यूं तो मुरादाबाद में होगा लेकिन वह मंडल मुख्यालय से मंडल की छह में से चार सीटों को साधेंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की तैयारियों के लिए भाजपा ने शनिवार को दोपहर में एक बैठक बुलाई है। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी। जनसभा का स्थान अभी तक तय नहीं है। माना जा रहा है कि अमित सभा की जनसभा सर्किट हाउस के पीछे स्थित आवास विकास फेस टू के मैदान में हो सकती है। भाजपा के जिलाध्यक्ष हरिओम शर्मा का कहना है कि जनसभा स्थल का चयन शनिवार की बैठक में किया जाएगा। सर्किट हाउस के पीछे का मैदान भी इसके लिए उपयुक्त है। अमरोहा में दूसरे चरण में मतदान होना है। ऐसे में शाह मुरादाबाद से ही अमरोहा सीट के मतदाताओं को भी साधने की कोशिश करेंगे। चर्चा है कि संभल और अमरोहा के प्रत्याशी भी इस कार्यक्रम में शामिल होेंगे। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि तब तक रामपुर सीट पर भी भाजपा अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी होगी। रामपुर प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को भी इस कार्यक्रम में बुलाया जा सकता है।