मुरादाबाद। दीपावली की पूजा में खास महत्व रखने वाली कौड़ी की कौड़ियों के दाम में नहीं मिल रही है। इसकी कीमत में उछाल आ गया है। अन्य सजावटी सामान की कीमत भी दोगुनी हो गई है। लोग आर्टिफिशियल फूलों को खूब पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि स्थानीय खरीद में भी महंगाई बरकरार है।
बाजार गंज के दुकानदार सलाउद्दीन ने बताया कि गत वर्ष 40 रुपये की छह कौड़ियां बिक रही थीं। इस बार कीमत बढ़कर 90 रुपये हो गई है। उन्होंने बताया कि वंदनवार के बाद सबसे ज्यादा डिजाइन लटकन में आ रही हैं। मोतियों की वंदनवार, सलीन के कपड़े की, फूलों की खास है। कंदील भी प्लास्टिक, कपड़े में कई डिजाइन हैं। झूमर में घंटी, हाथी, मोती, सुतली से बनीं चिड़िया, शंख, सीप, शीशा, घंटी, डमरू, ऊन आदि से बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सभी सामान की कीमत दोगुनी है। दुकानदार रिषी ने बताया कि सलीन के लक्ष्मी-गणेश के अलावा प्लास्टिक की रंगोली है। गत्ते की शुभ-दीपावली आकर्षक डिजाइन में है। लक्ष्मी जी के पैर वाले स्टीकर लोग खूब खरीद रहे हैं। वहीं प्लास्टिक के लक्ष्मी-कुबेर यंत्र की भी मांग है। अमरोहा गेट के दुकानदार फैजल ने बताया कि घरों और दुकानों को नया लुक देने के लिए प्लास्टिक के फूल, गमले आदि हैं। नए प्रयोग में इस बार ग्लिटर के बंच, बास्केट हैं। फैंसी बंच कपड़ा और प्लास्टिक के हैं।
सामान गत वर्ष इस वर्ष
वंदनवार 35 80
मोतियों की लड़ी 100 150-200
कंदील 50 120
डमरू की लटकन 35 55
रंगोली 15 25