मुरादाबाद। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एक हजार और सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। शासन की ओर से शहर में एक हजार नए कैमरे लगाने के लिए बजट की पहली किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। यह कैमरे शहर में उन स्थानों पर लगाए जाएंगे, जहां अभी तक कैमरे नहीं लग सके थे।
स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से मौजूदा समय में कुल 1800 कैमरों की मदद से शहर की निगरानी की जा रही है। इन कैमरों की मदद से प्रशासन ने अब तक दो दर्जन लोगों के चोरी हुए सामान वापस दिलाए हैं। इन 1800 सीसीटीवी की मदद से पुलिस प्रशासन ने अबतक 135 केस के आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार भी किया।
पिछले वर्ष प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह शहर के दौरे पर आए थे। उन्होंने आईसीसीसी का निरीक्षण कर स्मार्ट सिटी के इस प्रोजेक्ट की सराहना की थी। साथ ही परिवहन निगम की ओर से एक हजार नए कैमरे शहर को देने का वादा किया था। उन्होंने स्मार्ट सिटी से इन कैमरों का बजट तैयार कर प्रस्ताव भेजने के लिए कहा था। स्मार्ट सिटी ने 3.20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर परिवहन निगम को भेजा था। अब परिवहन निगम ने कैमरों के लिए पहली किस्त के रूप में एक करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। पहली किस्त मिलने के बाद अब जल्द ही नए कैमरे शहर में लगाए जाने की तैयारी है।
-
- आईसीसीसी से जोड़े जाएंगे नए कैमरे
1000 नए कैमरों को आईसीसीसी से जोड़ा जाएगा, जिससे निगरानी और अधिक प्रभावी होगी। नए कैमरों के एक्सेस के बाद पूरे शहर में करीब 2800 कैमरों से नजर रखी जा सकेगी।
- सेफ सिटी योजना के तहत 1000 नए सीसीटीवी कैमरे लगने हैं। परिवहन मंत्री ने मुरादाबाद शहर की सुरक्षा के उद्देश्य से यह कैमरे भेजने का निर्णय लिया है। हम हर महत्वपूर्ण स्थान पर कैमरों का जाल बिछाएंगे। कैमरों की मदद से पहले ही पुलिस अपराधियों तक पहुंच रही है। नए कैमरे लगने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत हो जाएगी। - दिव्यांशु पटेल, नगर आयुक्त