अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। छजलैट के चंगेरी गांव निवासी 10 वर्षीय बालक डेंगू संक्रमित पाया गया है। चार दिन बाद भी बुखार न उतरने और हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर में दिल्ली रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम ने बालक के परिजनों से बात की है। उन्होंने बताया कि कई दिन से बुखार नहीं उतर रहा था। पड़ोस से दवा दिलाई लेकिन आराम नहीं हुआ, इसके बाद वह बच्चे को अस्पताल ले आए।
इससे पहले बृहस्पतिवार को बिलारी निवासी 14 वर्षीय किशोर में डेंगू की पुष्टि हुई थी। उसका इलाज टीएमयू से चल रहा है। लगातार कम उम्र वाले लोगों की डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव का कहना है कि 10 वर्षीय बालक की जांच कार्ड टेस्ट से हुई है। एलाइजा जांच के लिए उसका नमूना लिया गया है। अब तक डेंगू के चार केस पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं राहत की बात यह है कि रविवार को स्वाइन फ्लू का कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 40 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं डेंगू के मरीजों के लिए जिला अस्पताल में मरीजों के लिए जंबो पैक की सुविधा भी उपलब्ध है, हालांकि गनीमत है कि इस बार डेंगू के मरीजों की संख्या कम होने के कारण अभी तक किसी को जंबो पैक की जरूरत नहीं पड़ी है।