मुरादाबाद। लंबे समय से पैसेंजर ट्रेनें चलाने की मांग कर रहे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। मुरादाबाद से दिल्ली, बरेली, लखनऊ, सहारनपुर, नजीबाबाद के लिए पैसेंजर ट्रेनें जल्द शुरू हो सकती हैं। उत्तर रेलवे के जोनल मुख्यालय बड़ौदा हाउस (दिल्ली) ने मंडल से कुछ और पैसेंजर ट्रेनें शुरू करने के लिए प्रस्ताव मांगा है। अब मंडलीय अधिकारी यात्रियों की मांग और अपने सर्व के अनुसार पैसेंजर ट्रेनों की सूची बनाकर मुख्यालय को भेजेंगे।
इसके बाद जनवरी माह में इसे हरी झंडी मिल सकती है। मुरादाबाद मंडल से सामान्य दिनों में 59 जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन फिलहाल कोरोना के कारण सिर्फ नौ जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ही हो रहा है। इसमें भी दो ट्रेनें कोहरे के कारण रद्द चल रही हैं। ऐसे में मुरादाबाद से अमरोहा, गजरौला, रामपुर आदि स्थानों पर नौकरी के लिए जाने वाले लोगों को यातायात का सस्ता और सुलभ माध्यम उपलब्ध नहीं हो रहा है।
यात्री लंबे समय से अपनी मांग रेलवे प्रशासन के सामने रख रहे हैं, लेकिन कोई राहत नहीं मिल सकी। सीनियर डीसीएम सुदीर सिंह का कहना है कि मुरादाबाद से कुछ और पैसेंजर ट्रेनें चलाने के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा जाएगा। जल्द ही मंडल के यात्रियों राहत मिल सकती है।
इन ट्रेनों की है सर्वाधिक मांग
मुरादाबाद-चंदौसी-मुरादाबाद
मुरादाबाद-दिल्ली-मुरादाबाद
मुरादाबाद-चंदौसी-अलीगढ़
अलीगढ़-बरेली-अलीगढ़
बरेली-आगरा-बरेली
नजीबाबाद-गजरौला-नजीबाबाद
ऋषिकेश-आगरा-ऋषिकेश
लखनऊ-सहारनपुर-लखनऊ