फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद में जज के भाई और कोरोना वारियर समेत 10 नए पॉजिटिव मिले

Thu, 14 May 2020 01:48 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : PTI
विज्ञापन

जिले में कोरोना का खौफ बरकरार है। बुधवार को 10 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें मंगलवार को टीएमयू में दम तोड़ने वाले एक जज के 73 वर्षीय भाई और कोविड-19 एल-1 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में तैनात एक सफाई कर्मी भी शामिल है। 

विज्ञापन


नौ मई को कोविड अस्पताल में दम तोड़ने वाले कोतवाली क्षेत्र के 52 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एक महिला सदस्य समेत अमन कमेटी के दो सदस्य और हॉटस्पॉट एरिया में सब्जी बेचने वाला युवक भी कोराना पॉजिटिव मिला है। 

इस रिपोर्ट के साथ ही शहर में सिविल लाइंस और मझोला में हॉटस्पॉट एरिया भी बढ़ा दिए गए हैं। उधर, जज के भाई का अंतिम संस्कार रिपोर्ट आने से पहले मंगलवार को ही किया जा चुका है। 10 नए संक्रमित केस के साथ मुरादाबाद जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 138 और मृतकों की संख्या सात पहुंच गई है।
विज्ञापन


सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि बुधवार दोपहर पीजीआई से 10 लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिली। इनमें कोविड 19-एल 1 अस्पताल में संविदा पर तैनात 24 साल का सफाई कर्मी पॉजिटिव आया है। सफाई कर्मी कोरोना ड्यूटी पर है। 

एक्टिव क्वारंटीन अवधि के दौरान सात मई को उसका सैंपल लिया गया था। पीरजादा निवासी 25 साल की महिला और मकबरा निवासी 40 साल की महिला भी पॉजिटिव आई हैं। दोनों महिलाएं आठ मई को पॉजिटिव आए दूध डेयरी संचालक के संपर्क में आने से संक्रमित हुई हैं।

लाकड़ी फाजलपुर का 27 साल का युवक भी संक्रमित आया है। युवक लॉकडाउन के बाद से छोटा हाथी से मंडी चौक और हॉटस्पॉट एरिया नवाबपुरा क्षेत्र में सब्जी बेच रहा है। गलशहीद निवासी 57 साल के बुजुर्ग और दस सराय निवासी 33 साल का युवक भी पॉजिटिव आया है। दस सराय का युवक 17 अप्रैल को दिल्ली जामा मस्जिद से लौटा था। गलशहीद निवासी 50 साल का पीतल कारोबारी भी पॉजिटिव आया है।

पीरजादा निवासी 17 साल का युवक भी पॉजिटिव आया है। युवक अमन कमेटी का सदस्य है। एक महिला सदस्य भी पॉजिटिव मिली है। टीएमयू में इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ने वाले जज के 73 वर्षीय भाई भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उनकी रिपोर्ट बुधवार को आई लेकिन उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ही कर दिया गया था। 

जज के भाई एक सरकारी महकमे से सेवानिवृत्त थे और सिविल लाइंस एरिया में एक सरकारी कालोनी में परिवार समेत रहते थे। उनके अंतिम संस्कार में शामिल लोग दहशत में हैं। इनमें से कुछ का कहना है कि उन्हें मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई थी। सांस लेने में परेशानी होने पर जज के भाई को आठ मई को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। नौ मई को उनका सैंपल भेजा गया था। टीएमयू में ही नौ मई को दम तोड़ने वाले कोतवाली क्षेत्र के 52 साल के व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नौ मई को ही इनका सैंपल भेजा गया था।

कोरोना संदिग्ध के मरने पर अब हम रिपोर्ट आने तक शव को रोकने के बजाए कोरोना पॉजिटिव मानकर ही उनका अंतिम संस्कार करा देते हैं। रिटायर्ड कर्मचारी और कोतवाली क्षेत्र के दूसरे व्यक्ति का अंतिम संस्कार भी इसीलिए रिपोर्ट आने से पहले पीपीई किट व दूसरी एहतियातों के साथ पुलिस द्वारा करा दिया गया था। 
विज्ञापन

- राकेश कुमार सिंह, डीएम

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें