हलिया। अदवा बांध से अदवा नदी में छोड़े जा रहे पानी में मछली मार रहा एक युवक तेज बहाव में बह गया। पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से गेट को बंद कराया गया। इसके बाद 500 मीटर दूर पत्थर की चट्टान के बीच मुमताज का शव मिला।
पटेहरा गांव निवासी मुमताज (25) रविवार को सुबह अपने चाचा बकरीदू, चचेरे भाई के साथ चाचा के ससुराल हलिया थाना क्षेत्र के अहुगी खुर्द गांव निवासी हनीफ अली के यहां आया था। मुमताज चचेरे भाई के साथ अहुगी खुर्द से एक किमी दूर अदवा नदी में मछली मारने पहुंच गया। मछली मारने के दौरान मुमताज का पैर फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से अदवा बांध के गेट को बंद करवाया गया। इसके बाद 500 मीटर दूर पत्थर की चट्टान के बीच मुमताज का शव मिला। मुमताज दुबई में ढाई साल से एक कंपनी में चालक के पद पर तैनात था। बीते महीने मुहर्रम पर घर आया था। उसकी शादी दो साल पहले गुड़िया बेगम के साथ हुई थी। उससे एक आठ माह की पुत्री है। वह छह भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मछली मार रहा युवक पानी के तेज बहाव में बह गया था। उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।