हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिलहटा गांव में शुक्रवार को देर शाम घर के अंदर बिजली के बोर्ड का तार ठीक करते समय करंट लगने से युवक झुलस कर अचेत हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्र के सिलहटा गांव निवासी अमरजीत (35) पुत्र रंगीलाल शुक्रवार को देर शाम घर के अंदर लगे बिजली के बोर्ड का तार ठीक कर रहे थे। उस दौरान वे करंट की चपेट में आकर झुलस गए। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचकर और डंडे से मारकर तार को उनसे अलग किया। तार से अलग करने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमरजीत दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनसे दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पिता 12 वर्ष से मड़वा धनावल स्थित चलगा देवी पर पूजा पाठ करते हैं। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।