विंध्याचल। थाना क्षेत्र के अखाड़ा घाट पर मंगलवार की सुबह पांच बजे आजमगढ़ से आए श्रद्धालुओं के साथ स्नान करते समय चालक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
आजमगढ़ के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अईया गांव निवासी 36 वर्षीय रामजनम यादव पुत्र अंगद यादव सोमवार की रात को अपने ही गांव के लोटन प्रजापति के परिवार को लेकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन कराने के लिए पुरानी वीआईपी मार्ग स्थित एक धर्मशाला पहुंचा। मंगलवार की सुबह सभी लोग उठकर गंगा स्नान की तैयारी कर रहे थे। दर्शनार्थियों के साथ चालक भी गंगा घाट पर स्नान करने के लिए पहुंच गया। गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से चालक रामजनम नदी में डूब गया । शोर शराबा होने पर घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी साधन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिए गया । इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दे दिया। कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि गंगा नदी में स्नान करते समय डूबने से एक चालक की मौत हुई है।