मिर्जापुर। रंगों का होली सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही युवाओं की टोली ढोल, नगाड़े की थाप पर थिरकते हुए गलियों में घूमने लगी। गांवों में बड़े, बुजुर्ग ढोल, मजीरे और हारमोनियम की थाप पर फाग गीत गाते दिखे।
नगर के सिविल लाइंस, रमईपट्टी, पक्कापोखरा, शुक्लहा, स्टेशन रोड, महुवरिया, संगमोहाल, इमरती रोड, बाजीराव कटरा, गणेशगंज, तेलियागंज, मुकेरी बाजार, धुंधीकटरा, बसनई बाजार, त्रिमुहानी, घंटाघर, वासलीगंज सहित क्षेत्रों डीजे की धुन पर रंग से सराबोर युवाओं की टोली थिरकती रही। नगर के तुलसी चौक और मुकेरी बाजार स्थित चौराहे और तिराहों पर युवाओं की टोली एक दूसरे को दौड़ा दौड़ाकर रंग लगाते दिखी। नगर और ग्रामीण अंचलों में अधिकांश स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। रंग खेलने के दोपहर बाद नए परिधानों में सज कर लोग अबीर और गुलाल लेकर अपने ईष्ट मित्रों के घर पहुंचे और गुझिया के मिठास के साथ एक-दूसरे से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।
जिगना बाजार तथा गांवों में होलिका दहन के बाद से ही बच्चे और युवा पिचकारी, रंग और अबीर गुलाल लेकर टोली के साथ निकल पड़े। भांग की ठंठई, होली गीतों पर झूमते गाते लोग सामने जो भी नजर आया, उसे रंगों से सराबोर किया। दोपहर बाद ईष्ट-मित्रों के घर पहुंचकर लोगों ने अपने बड़ों को अबीर और गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया तथा गुझिया के अलावा तरह-तरह के व्यंजन का आनंद लिया।
उधर, होली पर सोमवार को ग्रामीण अंचलों में भी जमकर रंग बरसे। दोपहर बाद गांवों में खूब अबीर और गुलाल उड़े। अधिकांश स्थानों पर फगुआ गीत के साथ ही कई जगह आर्केस्ट्रा का आयोजन हुआ। देर शाम तक लोगों ने आनंद उठाया। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के खजुरी, हरिहरपुर बेदौली, चेरुईराम, देवापुर पचवल, राजपुर, धौरुपुर, आमघाट, भेंवरकरमनपुर, देवरी, अघवार, दुबेपुर, दुल्लहपुर, रायपुर पोख्ता, शाहपुर चौसा, करतरन, भिष्कुरी, जसोवर, बरकछा, अमोई, टांड़, बिकना, भटौली, जिउती, महेंवा, अनंतरामपट्टी आदि गांवों में लोगों ने धूमधाम से होली मनाई। इस दौरान कहीं फगुआ तो कहीं आर्केस्ट्रा का लोगों ने आनंद उठाया।
छानबे क्षेत्र के बेलवरिया, फगुआ, चैता आदि गीत का आयोजन किया गया। त्योहार पर लोगों ने भांग, ठंडई और गोझिया का आनंद उठाया।पड़री बाजार के अलावा पैड़ापुर, भगेसर, छटहा, कनौरा, नान्हूपुर, भरपुरा, डाढ़ीराम, अकसौली, सिकरी रामनगर, कनौरा, अमिरती, मोहनपुर भवरख आदि क्षेत्रों में धूमधाम मनाई गई। कछवां नगर पंचायत के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली हर्षोल्लास से मनाई गई। बरैनी, कछवां बाजार, जमुआ बाजार, जलालपुर बाजार में डीजे की धुन पर युवाओं की टोली थिरकते दिखी। लालगंज क्षेत्र में दोपहर तक युवा डीजे पर बज रहे गाने की धुन पर नृत्य करते दिखे। भरौंह स्थित हनुमान मंदिर में गुलाल अबीर चढ़ाकर लोग एक-दूसरे से गले मिले। दुबार, लहंगपुर, बरकछ, पतार कला, कोलकम, तिलांव, कटाई, कोटाघाट आदि बाजारों में धूमधाम से होली मनाई गई। ड्रमंडगंज के बेलन बरौंधा, रतेह चौराहा, गड़बड़ा पुल, दुर्जनीपुर तिराहा, भैंसोड़ बलाय पहाड़, नैड़ी कठारी तथा बबुरा भैरोदयाल आदि बाजारों में भी सोमवार के अलावा मंगलवार को लोगों ने रंग-गुलाल उड़ाए। जगह-जगह होली मिलन समारोह का भी आयोजन कर लोग एक-दूसरे से गले मिले।