मिर्जापुर जिले के विंध्याचल धाम में दर्शन पूजन के लिए आए आजमगढ़ के अतुल कुमार पांडेय ने होटल में पत्नी से विवाद के बाद सड़क पर 30 मिनट तक बवाल किया। लाठी से छह से ज्यादा वाहनों के शीशे तोड़ दिए और सड़क से गुजर रहे प्रयागराज निवासी साधु हरिदास बाबा उर्फ टोटल बाबा इतना पीटा की सिर में तीन टांके लगाने पड़े और दाहीने हाथ की दो अंगुलिया टूट गईं।
विंध्याचल धाम जाने वाली सड़क पर आधे घंटे तक अफरा तफरी मची रही। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर गई तब लोगों ने राहत की सांस ली। अतुल पत्नी और बच्चे के साथ एसबीआई चौराहे पर स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। पत्नी से किसी बात पर झगड़ा होने के बाद सड़क पर खड़ी कारों पर लाठी से हमला बोल दिया। इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो टोटल बाबा को पीट कर लहूलुहान कर दिया।
आसपास के लोगों ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। घायल टोटल बाबा को सीएचसी ले जाया गया, डॉ मनोरंजन राय ने उपचार किया। सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह उत्पात लगभग आधे घंटे तक चलता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया तब जाकर लोगों की जान में जान आई।
आरोपी अतुल दो दिनों से होटल में ठहरा था। शुक्रवार सुबह 11 बजे पत्नी से विवाद होने के बाद वह होटल से बाहर निकला और हाथ में आई लाठी से स्टेशन रोड पर खड़ी कारों के शीशे तोड़ने लगा। यह नजारा देख मंदिर जा रहे और लौट रहे भक्तों में अफरा तफरी मच गई। लोेग इधर उधर भागने लगे। उसी दौरान स्थानीय लोगों ने युवक को रोकने का प्रयास किया पर उसके लाठी भांजने और आक्रामक रुख को देखकर कोई करीब नहीं गया। युवक ने निशान पर ज्यादातर वह गाड़ियां निशाने पर आईं जो रेलवे स्टेशन से मंदिर जाने वाली सड़क पर खड़ी थीं।