जिगना। थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गंगाघाट पर शनिवार रात नाव पर भोज पार्टी के बाद एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा नदी में लापता हो गया। परिजनों ने साथ ले जाने वाले लोगों पर युवक को गंगा में फेंकने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश में जुटी है।
मिश्रपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान बालचंद निषाद ने बताया कि उनके पौत्र अजय कुमार निषाद उर्फ कुरकुल्ली (24) पुत्र राकेश को शनिवार रात करीब आठ बजे उसके जानने वाले 11 लोग नाव पर भोज पार्टी करने के नाम पर अपने साथ ले गए थे। साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि अजय गंगा नदी में गिर गया है।
परिजनों का आरोप है कि साथ गए लोग अजय को गंगा में फेंककर नाव लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि अजय अविवाहित था और इटावा में रहकर मछली पकड़ने व बेचने का काम करता था। वह शुक्रवार को ही घर आया था। अजय के भाई सूरज निषाद ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। रात करीब 11 बजे सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक दिवाकर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। भोज पार्टी में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि नाव पर भोज पार्टी के दौरान हादसा हुआ है। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम की मदद से गंगा नदी में युवक की तलाश की जा रही है।