राजगढ़ थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव निवासी युवक का पत्नी से हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़। थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव निवासी संतोष (38) ने पत्नी से झगड़े के बाद शराब के साथ मिलाकर जहर पी लिया। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं। इसके बाद परिजनों ने उसे सीएचसी राजगढ़ में भर्ती कराया। उपचार के दौरान संतोष ने डॉक्टरों को बताया कि उसने शराब में किसी जहरीले पदार्थ को मिलाकर पिया है। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर, सोनभद्र रेफर कर दिया। हालांकि, वह निजी अस्पताल में भर्ती होने की जिद करने लगा और एंबुलेंस से कूदने का प्रयास किया। इसके बाद परिजन उसे ऑटो से निजी अस्पताल ले गए।
बघौड़ा निवासी संतोष का शुक्रवार रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह घर से बाहर गया और शराब के साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घर लौटने के बाद वह चुपचाप सो गया। कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं और वह चिल्लाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे परिजन पहले उसे पेट दर्द की शिकायत समझकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए। उपचार के दौरान उसने चिकित्सकों को शराब के साथ जहर पीने की जानकारी दी। इसके बाद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे ट्रॉमा सेंटर, सोनभद्र रेफर कर दिया।
रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में उसने किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही। वहां न ले जाने पर उसने एंबुलेंस से कूदने का प्रयास किया। इसके बाद एंबुलेंस चालक उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ वापस ले आया। वहां से परिजन उसे ऑटो से किसी निजी अस्पताल ले गए। सीएचसी में आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अजीत ने बताया कि शराब के साथ जहर पीने वाला युवक अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर, सोनभद्र रेफर कर दिया गया।