मिर्जापुर। प्रयागराज महाकुंभ से मंगलवार को मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा एक युवक रेलवे ओवर ब्रिज की रेलिंग पर चढ़ गया। वह नीचे कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा था। उसे पैसे का लालच देकर कूदने से रोका गया। इसके बाद ओएचई तार काटकर उसे नीचे लाया गया। इससे एक ट्रेन का परिचालन बाधित हुआ। तार जोड़ने के बाद उसे रवाना किया गया।
बिहार के सीतामढ़ी निवासी विजय चौधरी (43) अपने फुफेरे भाई समोद चौधरी के साथ प्रयागराज महाकुंभ गया था। वहां से दोनों ट्रेन से मिर्जापुर स्टेशन पर पहुंचे। यहां दोनों दूसरी ट्रेन का इतजार कर रहे थे। सुबह नौ बजे विवेक चौधरी रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर रेलिंग पर चढ़कर लटक गया। वह कूदने का प्रयास कर रहा था। वहां तैनात प्रधान आरक्षक हरिद्वार सिंह यादव ने आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार को घटना की जानकारी दी। कुछ दे बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। उसे पैसों का लालच देते हुए रेलिंग के सहारे बाहर आने को कहा गया। वहीं, स्टेशन मास्टर को प्लेटफार्म नंबर एक और दो की ओएचई वायर काटने को कहा गया। इसके बाद उसे किसी तरह नीचे उतारा गया।
ओएचई तार काटने से सुबह 9:03 से 9:11 मिनट पर यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान गाड़ी संख्या 03689 कुंभ स्पेशल ट्रेन रुकी रही। इसके बाद जीआरपी उसे थाने ले गई। जीआरपी प्रभारी राम दवर ने बताया कि युवक मानसिक रूप से बीमार है। उसे ओवर ब्रिज की रेलिंग से किसी तरह उतारकर बिहार की ट्रेन में बैठा दिया गया।