जूम एप पर सोमवार को संस्कार भारती की काशी प्रांत व अन्य इकाइयों की बैठक हुई। इसका शुभारंभ बीएचयू इकाई महामंत्री डॉ. शोभित नाहर के ध्येय गीत से हुआ। कहा गया कि इकाइयां आय- व्यय का विवरण लिपिबद्ध कर प्रांत को भेजें।
बैठक में प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ 18 इकाइयों के 55 प्रमुख पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रांत सहमहामंत्री डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए बैठक के विषय पर प्रकाश डाला। प्रांत मंत्री कृष्णमोहन गोस्वामी ने पिछली प्रांतीय बैठक जिसमें प्रवासी अधिकारियों के नाम व जनपद तय किए गए थे उस कार्यवृत्त का वाचन किया। कोषाध्यक्ष नंदकिशोर थरड ने बैठक में बताया कि अभी कई इकाइयों से केंद्रांश नहीं प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी इकाइयों से आग्रह किया कि आय-व्यय का विवरण अच्छी तरह लिपिबद्ध करें। उसकी एक प्रति प्रांत को अवश्य प्रेषित करें। इसमें कार्यक्रम संबंधित अनुमानित व्यय तथा आय के स्रोत पर गंभीरता से योजना बनाएं। प्रांत संगठनमंत्री दीपक ने सभी इकाइयों से आग्रह किया कि नूतन वर्ष के कार्यक्रम अवश्य हों तथा स्वाधीनता के अमृत महोत्सव की झलक भी कार्यक्रम में अवश्य होनी चाहिए। काशी प्रांत के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद अवस्थी ने कहा कि 20 मार्च से पूर्व सभी इकाइयां अपने यहां एक बैठक आमंत्रित करें। इसमें प्रवासी पदाधिकारी को अवश्य बुलाएं। उन्होंने पांच दिवसीय चित्रकला कार्यशाला , द्वादश दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण शिविर, भारतमाता पूजनोत्सव , लताजी को समर्पित श्रद्धांजलि, स्वरांजलि तथा भरतमुनि जयंती कार्यक्रमों के आयोजन में शामिल सभी इकाइयों की सराहना की। दीनदयाल नगर के अध्यक्ष सतीश जिन्दल ने दूरदर्शन पर परोसे जा रहे अभद्र विज्ञापन का विरोध किया। अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष डॉ गणेश प्रसाद अवस्थी, संचालन प्रांत सह महामंत्री डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने किया तथा समापन व धन्यवाद ज्ञापन शांति मंत्र से किया गया।