मिर्जापुर। मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने जिले के सभी खंड विकास अधिकारी व मनरेगा के कार्यक्रम अधिकारी को पत्र लिखकर मनरेगा में पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत जो श्रमिक कार्य कर रहे हैं। उन सभी के पास जाबकार्ड होना चाहिए। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीडीओ ने कहा कि स्थलीय निरीक्षण के समय यह पाया जा रहा है कि अधिकतर श्रमिकों के पास जाबकार्ड नहीं है। अथवा जिसके पास है वह मौके पर पाया नहीं जाता। कमोवेश इसी प्रकार की शिकायत भुगतान के संबंध में भी आ रही है। इसलिए यह आवश्यक है कि इसमें पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी बीडीओ यह सुनिश्चित करें कि मनरेगा के तहत काम करने वालों के पास जाबकार्ड अनिवार्य रूप से हो। साथ ही उसमें अद्यतन प्रविष्टी अंकित हो। सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक माह की पहली तारीख को अनिवार्य रूप से रोजगार दिवस का आयोजन किया जाए तथा श्रमिकों की डिमांड की जाए। इसके साथ ही रोजगार सेवकों से अनिवार्य रूप से मोबाइल मानिटरिंग सिस्टम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराई जाए। यह भी ध्यान रखें कि मनरेगा के कार्य में प्रवासी श्रमिकों, मुसहर एवं निर्धनतम व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाए। सीडीओ अविनाश सिंह ने चेतावनी दी कि मनरेगा के कार्य में अनुमन्य मशीनों के अतिरिक्त यदि जेसीबी, ट्रैक्टर अथवा अन्य मशीनों का प्रयोग किया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।