लालगंज थाना क्षेत्र के पगार गांव स्थित अन्नपूर्णा रिफाइनरी के बाहर हादसे में मृत श्रमिक मुर्शी
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के पगार गांव में अन्नपूर्णा रिफाइनरी के बाहर मंगलवार की शाम को ट्रक बैक कराते समय चपेट में आकर श्रमिक मुर्शीद (22) घायल हो गया। उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे की मांग के लिए परिजनों और कंपनी के अधिकारियों की पोस्टमार्टम हाउस पर बहस हुई। बिहार के दरभंगा जिले के सिपोल थाना क्षेत्र के गोरा बोरान प्रखंड निवासी खुर्शीद चितांग में रहकर पगार स्थित अन्नूपुर्णा रिफाइनरी में काम करते हैं।
दो महीने पहले बड़े बेटे मुर्शीद (22) ने भी रिफाइनरी में काम शुरू किया था। हादसे के बाद उसे आनन-फानन में मंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों के साथ अन्नपूर्णा रिफाइनरी के कर्मचारी भी पहुंचे। पिता खुर्शीद ने बताया कि बेटा अन्नपुर्णा रिफाइनरी में काम करता था। शाम को नाश्ता करने बाहर आया था। ट्रक को बैक करा रहा था।
रस्सी में उसका पैर फंसने के कारण वह गिर गया। इसके बाद ट्रक का टायर उसके ऊपर चढ़ गया। इससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि हादसे में श्रमिक की मौत हो गई।