चील्ह। थाना के तिलठी गांव में रविवार को भुसौल में विवाहिता का फंदे से लटका शव मिला। सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल करने पहुंची। मायके वालों ने ससुराल वालों पर पुत्री को दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी चंद्र प्रकाश ने अपनी पुत्री प्रियंका यादव (26) का विवाह चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव निवासी रमेश यादव के पुत्र राघो के साथ 2018 में किया था। परिवार के लोग एक शादी समारोह में गए थे।
रविवार की सुबह ससुर को ड्यूटी पर जाना था तो प्रियंका उनके लिए भोजन बना रही थी। किचन में प्रियंका के नहीं मिलने पर खोजबीन शुरू हुई तो प्रियंका का भूसा वाले कमरे में फंदे से लटका शव मिला। सूचना पर पुलिस और मायके वाले भी पहुंचे।
प्रियंका यादव के पिता चंद्र प्रकाश यादव ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर प्रियंका को लगातार प्रताड़ित करते थे। 11 मई 2025 को ससुराल पक्ष के लोग दबाव देकर सोने की चेन लिया था। 14 मई को 15 लोगों की संख्या में उसका देवर गोलू यादव आया था और विवाद कर प्रियंका की विदाई कराकर ले गया। विवाहिता के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए ससुराल वालो नें पुत्री की हत्या की है। चील्ह थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह व चौकी चेतगंज प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव जांच करने पहुंचे। थानाध्यक्ष विजय शंकर ने बताया कि प्रियंका के पिता चंद्र प्रकाश की तहरीर पर जांच की जा रही है।