ड्रमंडगंज । लालगंज थानांतर्गत बेलन बरौधा चौकी क्षेत्र के रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित महुअट कालोनी के पास बुधवार की दोपहर पास लेते समय एक बाइक पर सवार तीन लोग ट्रक की चपेट में आ गए । दुर्घटना में बाइक पर बैठी एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई । जबकि बाइक पर बैठी एक अन्य महिला व बाइक चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी लव सिंह पटेल दोनों घायलों को तत्काल पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से सीएचसी लालगंज भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में वांछित ट्रक को पकड़कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
बावनगढ़ बहियारी थाना हनुमना जिला रीवां मध्यप्रदेश निवासी 55 वर्षीय चेतन दास यादव अपनी पत्नी 48 वर्षीय उदसिया यादव तथा खटखरी लखरांव थाना शाहपुर जिला रीवा निवासिनी 53 वर्षीय विमली यादव को बाइक पर बैठाकर बेलन बरौधा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराने जा रहे थे। महुअट कालोनी के पास ट्रक से पास लेते समय बाइक पर बैठी उदसिया यादव के साड़ी का पल्लू ट्रक में फंस गया। जिससे गिरकर ट्रक के चक्के के नीचे आ गई । ट्रक के चक्के से दब जाने के कारण उदसिया यादव की मौके पर ही मौत हो गई । जबकि बाइक पर बैठी विमली यादव व बाइक चालक चेतन दास यादव बाइक से गिरकर घायल हो गए । सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी भानुप्रकाश तथा प्रभारी निरीक्षक लालगंज हरिश्चंद्र सरोज भी मौके पर पहुंच गए थे । पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।