ननिहाल से घर जा रही 20 वर्षीय एक युवती की देहात कोतवाली क्षेत्र के बीरशाहपुर गांव के पास रविवार की शाम ट्रैक्टर से कुचल कर मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई बाल बाल बच गया।
घटना की जानकारी होते ही पहुंचे गांव के लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पड़री थाना क्षेत्र के मुल्हवा गांव निवासिनी प्रीती 20 वर्ष पुत्री शमशेर रविवार को छोटे भाई मनीष 12 वर्ष के साथ देहात कोतवाली क्षेत्र के बीरशाहपुर स्थित अपने ननिहाल में घूमने आई थी।
शाम करीब छह बजे साइकल सवार भाई बहन घर के लिए निकले। वह जैसे ही ननिहाल से थोड़ी दूरी पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने साइकल में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों लड़खड़ा कर सड़क पर गिर पड़े।
सड़क पर गिरते ही ट्रैक्टर प्रीती को कुचलते हुए निकल गया जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। हादसे की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और घटना पर नाराजगी जताते हुए सड़क को जाम कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर आनन फानन में भाई बहन को जिला चिकित्सालय ले आई। वहां देखते ही चिकित्सक ने प्रीती को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके भाई को भर्ती कर लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि इलाके में ईट भट्ठा अधिक है्। भट्ठे से चालक ट्रैक्टर लेकर निकलने के बाद काफी तेजी से इन रास्तों से गुजरते हैं। किसी के सामने आने पर वह ट्रैक्टर को कंट्रोल नहीं कर पाते हैं जिससे हादसा हो जाता है।
इसलिए ट्रैक्टरों के रफ्तार पर लगाम लगाना जरुरी है।