मड़िहान। मड़िहान तहसील के पास रविवार को सुबह ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बाइक पर बैठी महिला गिर गई। उस दौरान महिला को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। महिला का सिर पहिए के नीचे आ गया। इससे पुत्र और पुत्री के सामने महिला की मौत हो गई। बाइक सवार बाकी लोग बच गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के कुरौना गांव निवासी जयप्रकाश बिंद (25) अपनी बहन सीमा (30) और माता फूलकुमारी (55) के साथ सोनभद्र स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में मड़िहान तहसील के सामने ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर उछल गई। इससे बाइक पर बैठीं फूलकुमारी सड़क पर गिर गईं। उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। फूलकुमारी का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। बाइक सवार बाकी लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोग जब तक फूलकुमारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने का प्रबंध करते, उनकी मौत हो गई। बच्चों के सामने मां की मौत होने पर जयप्रकाश और सीमा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि ब्रेकर पर बाइक से गिरने के बाद ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।