हलिया। थाना क्षेत्र के बाजार निवासी एक युवती शनिवार की सुबह सुबह अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजन पीएचसी ले गए। वहां से उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती ने जिस आटे की रोटी खाई थी, उसमें मक्खी मारने वाली दवा गिर गई थी। दवा, दीवार में खूंटी पर टंगी थी जो आटे में गिर गयी।
क्षेत्र निवासी मुन्नू गुप्ता की पत्नी का अप्रैल माह में निधन हो गया था। इसके बाद घर के भोजन आदि की जिम्मेदारी 19 वर्षीय पुुत्री सुधा गुप्ता पर आ गई थी। शनिवार की सुबह सुधा ने स्नान पूजा के बाद खाना बनाया। इसके बाद सबसे पहले रोटी भी खा ली। अचेतावस्था में परिवार के अन्य लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक जायसवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में डाक्टर ने सुधा को मृत घोषित कर दिया।