Jaunpur News: जौनपुर जिले में एक शादी समारोह से पहले संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान लोग गाना बजाकर नाच रहे थे। इसी बीच पड़ोसी से विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई।
जौनपुर जिले के सिंगरामऊ बाजार में शादी के उपलक्ष्य में हो रहे संगीत कार्यक्रम के दौरान पड़ोसी से हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। यह घटना रविवार रात को हुई। घायल महिला को उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
मृतका की पहचान 32 वर्षीय गुंजन खरवार के रूप में हुई है। वह शिव आसरे खरवार उर्फ मुन्नीलाल की पुत्री थी। मुन्नीलाल की दूसरी पुत्री की शादी एक जुलाई को होनी थी, जिसके लिए परिवार में खुशी का माहौल था। घटना की रात परिवार के लोग संगीत बजाकर नाच-गाना कर रहे थे। पड़ोसी ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान पड़ोसी पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर फेंके गए। एक ईंट गुंजन खरवार के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका की मां प्रमिला देवी ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। गुंजन खरवार का विवाह लगभग 12 वर्ष पहले घनश्यामपुर में हुआ था। वह दो बच्चों की मां थी। उसकी असामयिक मौत से उसके पति और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।