सक्तेशगढ़ (मिर्जापुर)। चुनार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा नूनौटी के कोदवारी पुरवा में मंगलवार को देर शाम बिजली गिरने से एक महिला उसकी चपेट में आ गई। महिला को परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सक्तेशगढ़ क्षेत्र में मंगलवार को देर शाम नूनौटी ग्राम सभा के कोदवारी पुरवा गांव निवासी रामकली (50) पत्नी कैलाश अपने घर के सामने बैठी थीं। उसी बीच अचानक शुरू हुई बारिश व तेज हवा के साथ बिजली भी चमकने लगी। उस दौरान अचानक बिजली गिरने से रामकली गिरकर बेहोश हो गईं। परिजन जब तक उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाते, उनकी मौत हो गई थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान जंग बहादुर ने सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी इंद्र भूषण मिश्रा को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि कोदवारी पुरवा में एक महिला की बिजली की चपेट में आने से मौत होने की जानकारी मिली है। वहां के लोगों ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।