पटेहरा। कुहूंकि गांव के अमहवा मौजा में बृहस्पतिवार को एक घर में भेड़िया घुस गया। इससे ग्रामीण भयभीत हो गए। सूचना दिए जाने के बाद कई घंटे बाद तक वन कर्मियों की टीम मौके पर नहीं पहुंची तो नाराज ग्रामीणों ने इसकी शिकायत वन क्षेत्राधिकारी से की। इसके बाद वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने भेड़िए को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। भेड़िया पकड़े जाने पर ग्रामीणाें ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार को दोपहर में जंगल की तरफ से आया भेड़िया बसंत कोल के घर में घुस गया। भेड़िया को देखते ही वसंत ने दरवाजे के बाहर लकड़ी का बाड़ बनाकर घेर दिया। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना के कई घंटे बाद तक वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी किरण कुमार सिंह से की। इसके बाद वनकर्मियों की टीम गांव पहुंची। उस दौरान लाठी-डंडे से लैस ग्रामीण बांस की टाटी के सहारे दरवाजा बंद कर घर को घेरे रहे। वन क्षेत्राधिकारी लालगंज किरण कुमार सिंह ने घंटों मशक्कत बाद जाल की सहायता से भेड़िए को पकड़कर पिंजरे में कैद कराया। वनकर्मियों की टीम में गिरिराज सिंह, विनेंद्र यादव, दशमी राम यादव, पिंटू लाल यादव, राजदीप, अवधेश आदि शामिल रहे। प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद राज मिश्रा ने बताया कि भेड़िया को पकड़ लिया गया है। उसे गांव से दूर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।