- कहा- चुनाव कैसे और कहां से लड़ूंगी यह आगे पता चल जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। जिले की पूर्व डीएम दिव्या मित्तल ने मंगलवार को चिर परिचित अंदाज में ही राजनीति में उतरने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद है। मिर्जापुर राजनीति का बड़ा केंद्र रहेगा।
राजनीति में आने के एलान के साथ ही दिव्या मित्तल ने हमारे संवाददाता से बात की। उन्होंने कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा और आत्मा की पुकार की वजह से राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। विधानसभा या लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए थोड़ा इंतजार करिए। जल्द ही जानकारी मिल जाएगी। जो भी काम करूंगी पूरी जिम्मेदारी और सोच-समझ कर क्योंकि हजारों लोगों का भरोसा जुड़ा है। मिर्जापुर से राजनीति की शुरुआत के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति के केंद्र बिंदु में मिर्जापुर सबसे महत्वपूर्ण है। साड़ी में कमल का फूल प्रिंट होने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि साड़ी पर कमल का फूल जैसा कुछ नहीं था। कमल किसी का पेटेंट नहीं है। उन्होंने किसी पार्टी या उसके चुनाव चिह्न से किसी प्रकार के संबंध से पूरी तरह इन्कार किया।