अहरौरा के प्राथमिक विद्यालय शिऊर के पास लगा बिजली का टावर व गुजरे तार, संवाद
मिर्जापुर। बच्चों की सुरक्षा के लिए बिजली के तार हटाने के नाम पर 1.16 करोड़ रुपये जमा करा लिए गए, लेकिन इसके बाद भी जिले के 49 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे एचटी तार नहीं हटाए जा सके। ऐसे में इन विद्यालयों में पढ़ने वाले 13,265 बच्चे हर दिन खतरे के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। बरसात और गर्मी के दिनों में खतरा और बढ़ जाता है।
तेज आंधी के दौरान तार गिरने की आशंका से बच्चे और शिक्षक सहमे रहते हैं। जिले में पहले भी बिजली के तार गिरने से बच्चों के झुलसने और एक बच्चे की मौत की घटनाएं हो चुकी हैं।
जिले के कुल 101 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे थे। बेसिक शिक्षा विभाग ने इनकी सूची तैयार कर विद्युत निगम को सौंपी थी। तार हटाने के लिए 1.80 करोड़ रुपये का आकलन किया गया था। इसमें से 1.16 करोड़ रुपये बिजली निगम को भुगतान भी कर दिए गए हैं। इसके बावजूद 49 विद्यालयों के ऊपर से तार नहीं हटाए जा सके हैं। जमालपुर, हलिया, छानबे, लालगंज और मड़िहान क्षेत्र के कई विद्यालय इससे प्रभावित हैं।
अहरौरा के शिऊर में स्थिति और गंभीर है। यहां प्राथमिक विद्यालय परिसर के पास ही एचटी लाइन का टावर लगा हुआ है।
इससे गुजरने वाले तारों से तेज हवा में आवाज आती है, जिससे बच्चे डर जाते हैं। इसी तरह लालगंज के रामपुर बासित अली, छानबे के नरोईयां पंडितपुर और राजगढ़ के पुरैनिया समेत कई विद्यालयों के ऊपर से भी बिजली के तार गुजर रहे हैं। इन 49 विद्यालयों में करीब 13,265 विद्यार्थी पढ़ते हैं। जिले के 1,829 परिषदीय विद्यालयों में कुल 2,19,357 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
अहरौरा के प्राथमिक विद्यालय शिऊर के पास लगा बिजली का टावर व गुजरे तार, संवाद