मिर्जापुर। उपेक्षा की मार झेल रहे जिले के आधा दर्जन पर्यटन स्थलों में विंढम फॉल का 34 लाख रुपये से शीघ्र ही कायाकल्प किया जाएगा। संभवत अगले हफ्ते से कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। यह जानकारी प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने दी। डीएफओ शनिवार को दोपहर बाबा सिद्धनाथ का निरीक्षण कर रहे थे।
डीएफओ ने बताया कि 34 लाख रुपये से विंढम फाल में सैलानियों के लिए सुविधा जनक व्यवस्था की जाएगी। डीएफओ शनिवार की दोपहर बाबा सिद्धनाथ की दरी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां की दुर्व्यवस्था को देख उन्होंने न सिर्फ चिंता जाहिर की बल्कि फाल पर गंदगी पाए जाने पर वन क्षेत्राधिकारी और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह का समय दिया। तथा पान, गुटखा, सिगरेट बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही वाहन स्टैंड के पीछे दुकान लगाने की हिदायत दी। डीएफओ ने बताया कि इस फाल के काया कल्प के लिए डेढ़ वर्ष पहले प्रोजेक्ट बनाया गया था। परंतु पैसे के अभाव में विकास कार्य संभव नहीं हुआ। जल्द ही गेट, कट स्टोन की सड़क, डेंजर जोन के लिए फिनिशिंग, पर्यटकों के लिए शौचालय, वाश रुम, चेंजिंग रुम, बड़े शेड के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। विभाग द्वारा सुंदरीकरण कराने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। विकास के लिए 34 लाख रुपए का धन शासन से मिल चुका है।