हलिया थाना क्षेत्र के पथरहा गांव में लाठी से मारकर पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति को पुुलिस ने मंगलवार को मवई कला स्थित पंचशील डिग्री कालेज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पथरहा गांव निवासी बासदेव मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार की देर रात पत्नी सरिता (35) के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान आक्रोशित पति ने पत्नी पर लाठी से प्रहार कर दिया। लाठी के हमले से सरिता देवी की मौत हो गई। पत्नी की मौत होने के बाद मौका पाकर आरोपी पति फरार हो गया। लालगंज थाना क्षेत्र के उरूवा गांव निवासी ससुर रामनरेश ने दामाद वासुदेव के खिलाफ लाठी ठंडे से मारपीट कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हलिया लालगंज मार्ग मवईकलां पंचशील डिग्री कालेज के पास से हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी भागने की फिराक में गाड़ी पकड़ने के लिए सड़क पर खड़ा था। पुलिस को देखकर भागने लगा। घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया है।