मिर्जापुर। विंध्याचल मंडल के सभी तीन जिलों मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही में इस बार 140 केंद्रों में गेहूं की खरीद की जाएगी। गेहूं की खरीद मंडल में एक अप्रैल से शुुरू होगी। जिले में गेहूं खरीद के लिए 34 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि भदोही में 34 व सोनभद्र में 72 केंद्र बनाए गए हैं। पहले भदोही मेंं 26 तथा सोनभद्र में 43 केंद्र थे। इनकी संख्या बढ़ाई गई है। एक-दो दिन में मिजर्पपुर में भी केंद्रों की भी संख्या बढ़ने की संभावना है। इन सभी केंद्रों पर किसानों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिले में बुधवार तक 1393 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछली बार जिले में खोले गए 57 क्रय केंद्रों पर 5671 किसानों से 21550.08 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई थी। उस दौरान यह कहा जा रहा था कि इस बार कम खरीद हुई है। इस बार जिले में गेहूं की खरीद के लिए फिलहाल 34 केंद्र बनाए गए हैं। यह संख्या बढ़ भी सकती है। इनमें खाद्य विभाग के 12, पीसीएफ के 18 तथा भारतीय खाद्य निगम व मंडी समिति के दो-दो केंद्र शामिल हैं।
इन खरीद केंद्रों में सदर तहसील क्षेत्र में खाद्य विभाग के सिटी, कोन, छानबे, मझवां व पहाड़ी में एक-एक केंद्र को स्वीकृति मिली है, जबकि पीसीएफ के सिटी व कोन विकास खंड को छोड़कर चार केंद्रों को स्वीकृति मिली है। इसी प्रकार लालगंज तहसील क्षेत्र में खाद्य विभाग के दो व पीसीएफ के चार केंद्रों को स्वीकृति मिली है।
मड़िहान तहसील क्षेत्र में खाद्य विभाग की दो औरपीसीएफ के एक केंद्र को मंजूरी मिली है। इसी प्रकार चुनार तहसील में खाद्य विभाग के तीन व पीसीएफ के नौ केंद्रों को स्वीकृति मिली है। भारतीय खाद्य निगम को सदर व चुनार तहसील में एक-एक केंद्र को मंजूरी मिली है। इन्हीं जगहों पर मंडी समिति को भी एक-एक केंद्र की स्वीकृति मिली है।
उधर, जिले की सभी चार तहसीलों में बुधवार को दोपहर तक 1393 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें सदर में 200, लालगंज में 398, मड़िहान में 180 तथा चुनार तहसील में सबसे अधिक 615 किसानों ने गेहूंं बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अभी किसी भी किसान के पंजीकरण का सत्यापन नहीं हो सका है। सभी आवेदन लंबित हैं। संभागीय खाद्य नियंत्रक प्रभाकांत द्विवेदी ने बताया कि शासन के निर्देशाें के अनुरूप गेहूं खरीद की तैयारी की जा रही है। तय तिथि पर गेहूं की खरीद शुरू होगी। इधर एक सप्ताह से पंजीकरण की गति काफी सुस्त है।