मिर्जापुर। गेहूं खरीद के दूसरे दिन भी किसी किसान से गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। नवरात्र का प्रथम दिन होने के कारण शनिवार को अधिकांश केंद्रों पर सन्नाटा रहा। वहीं, हलिया में कुछ किसान तो जरूर आए और लगभग तीन ट्राली गेहूं भी आया। लेकिन विलंब से आने और केंद्र पर श्रमिक न होने के कारण खरीद नहीं हो सकी।
हलिया: क्षेत्र के मवईकला स्थित विपणन केंद्र पर बनाए गए गेहूं खरीद केंद्र पर दूसरे दिन भी किसी किसानों की गेहूं की तौल नही हो पाई है जबकि गेहूं बेचने के लिए गेहूं खरीद केंद्र पर दो सौ पचास किसानों ने पंजीकरण जमा कर नंबर लगा लिया है।गेहूं खरीद केंद्र पर 10000 बोरे उपलब्ध है।केंद्र प्रभारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी किसान की गेहूं का तौल शुरु नही हो सका है।दो सौ पचास किसानों ने गेहूं बेचने के लिए संपर्क किया है तीन ट्राली गेहूं तौल के लिए आया है लेकिन नवरात्र का प्रथम दिन होने के नाते श्रमिकों के अभाव में तौल नहीं हो पाई है। जल्द ही किसानों की खरीद प्रारंभ की जाएगी। जिले में 47 क्रय केंद्र खोले गए हैं। खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ के 32 और भारतीय खाद्य निगम के दो सहित कुल 47 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जाएगी। खाद्य विभाग द्वारा विकास खंड सिटी के मंडी परिसर में प्रथम व द्वितीय, कोन में पीडीएस गोदाम मुजेहरा कला, गैपुरा छानबे में पीडीएस गोदाम भटेवरा, मझवां में पीडीएस गोदाम जलालपुर और पहाड़ी में पीडीएस गोदाम टोंगा में केंद्र बनाया गया है। विकास खंड लालगंज में पीडीएस गोदाम खजुरी लालगंज और पीडीएस गोदाम मवईकला हलिया, विकास खंड मड़िहान में पीडीएस गोदाम कलवारी मार्ग पटेहरा, पीडीएस गोदाम पचोखरा राजगढ़, नरायनपुर में पीडीएस चुनार चचेरी मोड़, जमालपुर में पीडीएस गोदाम रानीबाग और अहरौरा मंडी परिसर में बनाया गया है। वहीं भारतीय खाद्य निगम द्वारा नगर के नवीन मंडी परिसर तथा नवीन मंडी परिसर अहरौरा में क्रय केंद्र खोला गया है। इसके साथ ही पीसीएफ के 32 क्रय केंद्रों पर खरीद की जाएगी।