जिले में शनिवार से गेहूं की खरीद शुरु हो जाएगी। इसके लिए 112 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी जगहों पर तैयारियां कर ली गई हैं। पिछले साल जिले में सिर्फ 20 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी।
समर्थन योजना के तहत रबी विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में 112 गेहूं क्रय केंद्र को जिलाधिकारी ने स्वीकृति दी है। इसमें खाद्य विभाग के 21, पीसीएफ संस्था के 20, पीसीयू संस्था के 25, यूपीएसएस संस्था के 20, एनसीसीएफ संस्था के 13, नैफेड संस्था के आठ, मंडी समिति संस्था के एक व भारतीय खाद्य निगम के चार केंद्र शामिल हैं। रबी विपणन वर्ष 2025-26 में गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रूपये प्रति क्विंटल हैं। जिला खाद्य व विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि क्रय केंद्रों पर गेहूं 15 जून तक खरीद होगी। उन्होंने बताया कि जिले में 13833 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इसके सापेक्ष कुल 4969 पंजीकरण सत्यापित किया गया है। तहसील लालगंज में कुल 5368 पंजीकरण, तहसील सदर में 1699 पंजीकरण, तहसील चुनार में 4213 पंजीकरण व तहसील मड़िहान में 2553 पंजीकरण किया जा चुका है। जिला खाद्य व विपणन अधिकारी ने बताया कि गेहूं खरीद के बाद भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से किया जाएगा।