पथरहिया में खड़ा गेहूं लदा ट्रक, सोशल मीडिया
मिर्जापुर। जिले के पीजी गोदाम विंध्याचल व पथरहिया स्थित एफसीआई गोदाम और लालगंज में गेहूं उतरवाने के लिए 10 से अधिक ट्रक कई दिनों से खड़े हैं। लेकिन गोदाम में गेहूं उतारा नहीं जा रहा है। इससे किसानों और ट्रक चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात का मौसम है, गेहूं भीगने की आशंका जताई जा रही है।
जिले में गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 15 जून को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद अभी तक खरीदे गए गेहूं को गोदाम में पूरी तरह नहीं रखवाया जा सका है। मानसून सक्रिय होने से बरसात का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में खुले में खड़े ट्रकों में लदा गेहूं भीगने की आशंका से किसान चिंतित हैं। किसान राजेश सिंह, राम अवध और ट्रक चालक मोहन ने बताया कि कई दिन से ट्रक लेकर गोदाम पर चक्कर काट रहे हैं। न तो तिरपाल की व्यवस्था है और न ही पर्याप्त मजदूर। शाम होते ही गेहूं ढकना मुश्किल हो जाता है। यदि बारिश हो गई तो पूरा गेहूं खराब हो जाएगा, इसका जिम्मेदार कौन होगा। किसानों का कहना है कि समय से खरीद पूरी करने के बाद भी भंडारण की समुचित व्यवस्था न होना विभाग की लापरवाही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल गेहूं उतरवाकर सुरक्षित भंडारण की मांग की है।इस संबंध में जिलाधिकारी ने भी सभी गोदाम प्रभारी व खाद्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिया था कि गोदाम में जगह बनवाकर गेहूं रखवाया जाए लेकिन अभी भी समस्या बरकरार है।
गोदाम में जगह की कमी और श्रमिकों की अनुपलब्धता के कारण देरी हो रही है। अगले दो-तीन दिन में सभी ट्रकों का गेहूं उतरवा दिया जाएगा। बारिश से बचाव के लिए तिरपाल की व्यवस्था की जा रही है। - संजीव कुमार सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।