जिगना। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के जासा बघौरा गांव के होलवा का पूरा निवासी व्यक्ति का गांव के पास रविवार देर रात रेलवे ट्रैक के पास शव मिला। सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। वह शाम को घर से लापता था। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंका गया। वहीं परिजनों का कोई आरोप नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय रामकेश पुत्र रामकृपाल बिंद शाम को बाजार गए थे। देर रात तक घर वापस ने आने पर परिजन परेशान हो गए थे। देर रात जिगना गैपुरा व जिगना रेलवे स्टेशन के मध्य विंध्याचल थाना क्षेत्र के जासा बघौरा गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पर लोगों ने उसका शव मिला। शिनाख्त कर परिजन व पुलिस को सूचना दी। घर से लगभग डेढ़ किमी दूर रेलवे लाइन पर शव मिलने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि रामकेश शाम चार बजे घर से शाम बिहसड़ा गए थे। लौटते समय किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक रामकेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक खेतीबारी व फूल की खेती करता था। उसके पांच पुत्रियां आरती (17), ज्योति (15), रोशनी (12), करिश्मा (8) व गुड़िया(6) हैं । मृतक की पत्नी चंदा देवी ने बताया कि अगले वर्ष बड़ी पुत्री की शादी करनी थी।