सोमवार की सुबह से हो रही झमाझम बारिश के चलते मौसम खुशगवार हो गया। अचानक मौसम का मिजाज बदलने से जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसान भी खेती किसानी के कार्य में जुट गए।
आसमान में उमड़ते-घुमड़ते काले-काले बादलों के चलते दिन भर भगवान भास्कर के दर्शन तक नसीब नहीं हो पाए। सावन महीने का तीसरा सोमवार होने के नाते शिव मंदिरों में रिमझिम फुहारों के बीच लोग पहुंचे।
रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण नगर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा।
झमाझम बारिश होने से स्टेशन रोड सहित रतनगंज से संगमोहाल, पेहटी के चौराहा से तेलियागंज, लालडिग्गी से बूढ़ेनाथ मार्ग, तहसील चौराहा से पांडेयपुर मार्ग, भटवा की पोखरी से कुशवाहा नगर मार्ग पर जलभराव और कीचड़ होने से राहगीर परेशान दिखे।
बारिश होने के बाद बचाव के लिए छाता खरीदने दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही।
उधर सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद किसान अपने खेतों में पहुंचकर धान की रोपाई का कार्य आरंभ कर दिए। प्रकृति पर आधारित खेती-किसानी करने वाले किसानों ने बारिश होने के बाद महिलाओं के समूहों के साथ पहुंच गए।
सोमवार की सुबह से हो रही बारिश के बाद सिटी ब्लाक बरकछा सहित जनपद के कई अन्य ब्लाकों में किसानों के चेहरे खिल उठे और वह अपने बैलों को लेकर खेतों को तैयार करने में तेजी से जुट गए।
महिलाएं समूहों में धान की नर्सरी लेकर रोपाई का कार्य करने में मशगूूल दिखाई दीं।