पटेहरा। स्थानीय विकास खंड के पटेहरा कला के चक मौजा में बृहस्पतिवार को सुबह जेसीबी से नाली की सफाई करते समय पेयजल की अंडर ग्राउंड पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पानी का फव्वारा फूट पड़ा और सड़क पर पानी बहने लगा। वहीं, अटारी, देवी उत्तर समेत क्षेत्र के 35 गांवों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई।
पटेहरा कला के चक मौजा में जिला पंचायत की ओर से बनाई गई नाली क्षतिग्रस्त होने के साथ लंबे समय से जाम थी। गांव के शुभम ने बताया कि शिकायत के बाद भी जिला पंचायत ने न तो नाली की मरम्मत कराई और न सफाई। नाली का गंदा पानी बहकर लोगों के दरवाजे के सामने भर रहा था। इससे परेशान गांव के लोग बृहस्पतिवार को सुबह जेसीबी से नाली की सफाई कराने लगे। इस दौरान पेयजल की भूमिगत पाइप लाइन पट गई, जिससे पानी का तेज फव्वारा निकलने लगा। कुछ ही देर में सड़क जलमग्न हो गई। वहीं, आसपास के 30 गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जल निगम के आपरेशन हेड कौशल तिवारी ने बताया कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से 35 गांवों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। पाइप की मरम्मत कराकर जलापूर्ति बहाल की जाएगी।
इन गांवों में हुई पेयजल की किल्लत
जल निगम की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब 35 गांवों में जलापूर्ति बाधित हो गई है। इनमें रामपुर ठाकुर दयाल, देवरी उत्तर, किरहा, गुलालपुर, बहुती, अटारी, बनवारीपुर, हरदी मिश्र, हड़ौरा, परमापुर, गोड़ टूटवा शामिल है। इनके अलावा मझवानी, कोटवा पांडेय, धनावल, बेलहरा, अधिया, परमापुर, फुलियारी, रामपुर, रेक्सा खुर्द, पड़रिया कला, पुरानीपुर, हिनौती, स्वरापुर, सोनराही, करौदा, डढ़िया, बनकी, मलुआ व पटेहरा कला आदि गांवों में भी जलापूर्ति बाधित हुई है।