मिर्जापुर। नगर के बीचोबीच स्थित पुरानी दशमी मोहल्ले के नागरिक इन दिनों जल जमाव से हलाकान हैं। वैसे तो यह समस्या हर वर्ष की है लेकिन दो-तीन वर्षों में यह अधिक ही हो गई है। इसका कारण पोखरा पर हुआ अतिक्रमण बताया जाता है।
हल्की सी बरसात में यह मोहल्ला तलैया बन जाता है। एक तो यहां वैसे ही संकरी गलियां है और उसमें जब पानी भर जाता है तो पूरा मोहल्ला ही तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। हालत यह है कि लोग अपने घरों से निकल नहीं पा रहे हैं। कोरोना के कहर और मच्छर जनित बीमारियों के भय से लोग सदमे में हैं। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। नागरिकों का आरोप है कि पहले पूरा पानी यहां स्थित एक पोखरा में जाता था लेकिन अब इन दिनों वहां पर अतिक्रमण हो गया है। इससे जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। जिला प्रशासन इस संबंध में मौन धारण किए है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि जब तक कोई बीमारी नहीं फैलेगी नगर पालिका और जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करेगा।