बारिश के पानी से डूब गया बकहर नदी का पुल ,कलवारी रैकरा मार्ग बाधित।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। शुक्रवार की रात से हो रही लगातार बारिश से नगर में जलभराव हो गया है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। पानी हल्का ही सही लेकिन लगातार बरस रहा है। इसकी वजह से लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है।
नगर के पक्का पोखरा रमई पट्टी-कनौरा घाट मार्ग, स्टेशन रोड मुकेरी बाजार, महंत शिवाला पर पानी इकट्ठा हो रहा है। पक्का पोखरा और कनोरा घाट मार्ग पर तो सड़क ही एकदम पानी से भर गई है। लोगों का आना जाना भी बाधित हो रहा है। कई जगहों पर जर्जर मकानों के गिरने का डर बना हुआ है। दो दिन से धूप न निकलने के कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है। उनकी दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। नमी के चलते लोगों के घरों में पानी रिस रहा है। नए-नए बने मकान तक रिस रहे हैं। नटवा चौराहा व दूधनाथ तिराहे पर बने अंडरपास में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो रहा है। इन दोनों ही जगह नगर पालिका की तरफ से मोटर लगवाकर पानी की निकासी कराई जा रही है लेकिन लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सबरी तिराहा से शास्त्री पुल की तरफ जाने वाला रास्ता एकदम से पानी से भरा हुआ है। जगह- जगह बने गड्ढे मुसीबतों को और बढ़ावा दे रहे हैं। इमामबाड़ा से शास्त्रीपुल जाने वाला मार्ग तो एकदम कीचड़मय हो गया है। पाइप लाइन डालने के लिए पूरी सड़क को खोद दिया गया है। उससे निकली मिट्टी कीचड़ बन चुकी है जिससे लोग उसमें फंसकर गिर रहे हैं।