डाला छठ पर्व को लेकर गंगा घाटों पर तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन जिन घाटों पर महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी, उनके पास ही गंदे नालों का पानी गंगा में गिर रहा है। ऐसे में महिलाओं को प्रदूषित जल में खड़े होकर पूजा-अर्चना करनी पड़ेगी।
नगर के कंपनी घाट, फतहां घाट, कचहरी घाट, बरियाघाट, सुंदरघाट, पक्का घाट, नारघाट सहित अन्य घाटों पर डाला छठ के दौरान महिलाएं सूर्य को अर्घ्य देती हैं। अर्घ्य देने से पहले घाटों पर वेदी बनाई जाती है। इसके बाद महिलाएं कमर तक पानी में खड़े होकर पूजा करती हैं। इनमें फतहां घाट, कचहरी घाट, बरियाघाट, सुंदरघाट और नारघाट के पास नगर के गंदे पानी की निकासी वाले नाले गंगा में गिरते हैं।
27 में से नौ नालों की टेपिंग अब भी बाकी
नगर और आसपास के क्षेत्रों में छोटे-बड़े कुल 27 नालों की टेपिंग होनी थी, ताकि गंदा पानी गंगा में न गिरे। इनमें से करीब 18 नालों की टेपिंग हो चुकी है, जबकि नौ नालों का काम बाकी है। इसके चलते इन नालों से गंगा में गंदा पानी गिर रहा है। जल निगम की गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को नालों की टेपिंग की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है।
कई बार बढ़ चुकी है समय सीमा
गंगा के किनारों के इन नालों की टेपिंग का काम लगभग चार वर्षों से चल रहा है। अब तक तीन से अधिक बार इनका कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। अब नई समय सीमा 31 दिसंबर 2026 निर्धारित किया गया है। विभाग का दावा है कि अब मात्र चार नालों की टेपिंग शेष है। इसको दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
अधिकांश नालों की टेपिंग कराई जा चुकी है। केवल चार नालों की टेपिंग शेष है। इनको भी 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। कहीं कोई समस्या नहीं है। -आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई