मजदूरी का पैसा मांगने पर सोमवार की दोपहर जसोवर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति के बेहोश हो जाने पर उसकी मौत की अफवाह फैल गई।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घर पर पथराव कर दिया। बाद में एएसपी सिटी ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। उधर, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक ने घायल को वाराणसी रेफर कर दिया। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीओ सदर रामनाथ वर्मा ने बताया कि गांव में मजदूरी का पैसा मांगने को लेकर मारपीट हुई है। जिसमें कुछ लोग घायल है।
एक घायल के मौत की अफवाह उड़ने पर लोग आक्रोशित हो गए और दूसरे पक्ष के घर पर पथराव करने लगे थे। स्थिति अब नियंत्रण में है। एक युवक को हिरासत में ले लिया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जसोवर गांव निवासी गुडडू (35) राजमिस्त्री है। वह गांव के ओमकार दूबे के यहां काम कर रहा था। सोमवार को मजदूरी के बकाया पैसे को लेकर गुडडू तथा ओमकार के परिवारों में विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई।
इस बीच गंभीर चोट लगने से गुड्डू अचेत हो गया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया। इस बीच कुछ लोगों ने गांव में उसकी मौत होने की अफवाह उड़ा
दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने ओमकार के घर को घेर लिया और पथराव करने लगे। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, सीओ सदर रामनाथ वर्मा तथा देहात कोतवाल शफीक अहमद फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को शांत कराया। सीओ सदर ने बताया कि गुड्डू की मौत नहीं हुई है उसे वाराणसी रेफर किया गया है।
उधर, पुलिस ने गुड्डू के परिवार की तहरीर पर पवन, अरुण और मनोज पुत्रगण ओमकार दूबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी अरुण को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।