चुनार तहसील सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगाए गए सुपरवाइजर और बूथ लेबल ऑफिसर की समीक्षा हुई। बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कार्य में लापरवाही और अपने लक्ष्य तथा कार्य को पूरा न करने के अलावा मतदान बूथों से गायब रहने का दोषी पाया। जिस पर दो सुपरवाइजर सहित तीन बीएलओ को कारण बताओं नोटिस जारी करते हुए जिलाधिकारी को अपनी आख्या भेजी।
कार्यवाही के बारे में जानकारी देते हुए उपजिलाधिकारी बागीश कुमार शुक्ला ने कहा कि आरोपी तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण नहीं देते तो उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम क 1950 के तहत थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि चुनार विधान सभा के मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहायक अध्यापक, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रा के अलावा अनेक विभाग के लोग सुपरवाइजर और बीएलओ के रूप में मतदाता सूची में मतदान करने वालों के नाम बढ़ाने, विलोपित करने और संशोधन करने का कार्य कर रहे है।
शनिवार को समीक्षा बैठक में सुपरवाइजर मनोज सिंह एवं अशोक कुमार सिंह का कार्य संतोषजनक नहीं रहा उनके द्वारा मतदाता सूची में नाम बढ़ाने व विलोपित करने का कार्य बार-बार निर्देश देने के बाद भी नहीं किया गया था। जिसके लिए उनको कारण बताओ नोटिस दिया गया है। साथ ही बीएलओ निशा मिश्रा, प्ररेक अवधेश कुमार, बनारसी को कार्यों में लापरवाही, सर्वेक्षण कार्य में उदासीनता एवं मतदाता सूची में नाम बढ़ाने विलोपित करने का कार्य न किए जाने का दोषी पाए जाने पर उनको कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। यदि वह तीन दिन में जायज स्पष्टीकरण नहीं दे सके तो उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज होगी।