प्रधानी चुनाव के दूसरे चरण में भी मतदाता सूची दुरुस्त नहीं हो सकी। जिसके कारण दूसरे चरण के मतदान में कई बूथों पर मतदाताओं ने जमकर बबाल किया।
वहीं बूथों पर फर्जी मतदान की शिकायत मिलने पर, रोकने के लिए जिला प्रशासन दिन भर हलकान रहा।
फर्जी मतदान, मतदाता सूची में गड़बड़ी, पुलिस वाहन पर पथराव, मतदान रोकने की शिकायत के बीच दूसरे चरण में मंगलवार को 71.64 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिसमें विकास खंड छानबे में 71.47, लालगंज में 72.94 तथा हलिया में 70.53 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ। छानबे में लगभग सभी बूथों पर महिलाओं ने मतदान किया।
विकास खंड छानबे के प्राथमिक विद्यालय शिवपुर में कुछ लोगों का नाम मतदाता सूची में नाम नहीं था। जिसके कारण मतदान नहीं कर पाए। मतदान से वंचित लोगों ने सड़क पर जम कर हंगामा मचाया।
मामले की जानकारी होने पर प्रभारी जिलाधिकारी अमित सिंह, एसपी अरविंद सेन, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी मौके पर पहुंच गए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने मौजूद लोगों को समझाया तथा नई सूची मंगा कर मतदान कराया। तब मामला शांत हुआ। लोगों द्वारा कंट्रोल रूम में फर्जी मतदान की सूचना दी जाती रही।
जिसके बाद फर्जी मतदान को रोकने के लिए प्रभारी डीएम, एसपी, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अधिकारी परेशान रहे। छानबे के प्राथमिक विद्यालय महरौड़ा में फर्जी मतदान की शिकायत प्रभारी जिला मजिस्ट्रेट को मिली।
इस पर डीएम और एसपी अरविंद सेन दल बल के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। लेकिन वहां पर मतदान शांतिपूर्ण हो रहा था।