विद्यालय में सम्मानित होती फुटबाल खिलाड़ी विद्या प्रजापति । स्रोत- सोशल मीडिया
मिर्जापुर। बलिया के लोरिक स्टेडियम में चल रही 17वीं विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में विंध्याचल मंडल की अंडर-19 बालिका फुटबॉल टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मिर्जापुर की बालिका टीम ने पहली बार इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। टीम में शामिल मिर्जापुर की खिलाड़ी विद्या प्रजापति के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शनिवार को उनके विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आदर्श बाल भारती इंटर कॉलेज, गणेशगंज की छात्रा विद्या प्रजापति को विद्यालय के प्रधानाचार्य सुचित नाथ पांडेय ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। विद्या मिर्जापुर के मोर्चाघर मैदान पर प्रशिक्षक तुफैल की देखरेख में नियमित रूप से सुबह-शाम फुटबॉल का प्रशिक्षण लेती हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के आधार पर यूपी की अंडर-19 बालिका फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम आगामी नवंबर-दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में यूपी का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता के दौरान चयनित खिलाड़ी ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।