चुनार के सुरभि शोध संस्थान में बैठक लेती मांं विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा
मिर्जापुर। चुनार के रामबाग स्थित सुरभि शोध संस्थान में मंगलवार को मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की प्रथम अंतरिम कार्यपरिषद की बैठक हुई। इसमें वित्त समिति व विद्या परिषद के निर्णयों को स्वीकृति दी गई। इसके बाद कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण भी किया।
कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि कार्यपरिषद की प्रथम बैठक ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दिशा को नई मजबूती प्रदान की है। वित्त समिति एवं विद्या परिषद में लिए गए निर्णयों को स्वीकृति मिलने के बाद अब विश्वविद्यालय तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर होगा। बैठक में विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं और शैक्षणिक संरचना से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। साथ ही, वित्त समिति व विद्या परिषद की बैठकों में पारित निर्णयों को भी कार्यपरिषद ने अपनी अंतिम स्वीकृति प्रदान की। इस प्रकार विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं प्रशासनिक कार्ययोजना को मजबूत आधार प्राप्त हुआ। बैठक में 11 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में कार्यपरिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने न केवल बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया बल्कि विश्वविद्यालय की प्रगति के लिए रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए। सुरभि शोध संस्थान के निदेशक सूर्यकांत जालान ने सभी कार्यपरिषद के सदस्यों का स्वागत व अभिनंदन संस्थान के बच्चों द्वारा बनाए गए विशेष किट प्रदान कर किया। संवाद